DA Hike: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अच्छी खबर है। महंगाई भत्ते यानी Dearness Allowance (DA) में 3% की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। यह नई दर 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी, जबकि आधिकारिक घोषणा सितंबर या अक्टूबर 2025 में, दीपावली से ठीक पहले की जा सकती है।
DA बढ़ोतरी का गणित क्या कहता है
DA की गणना श्रम ब्यूरो द्वारा जारी CPI-IW (औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) के आधार पर होती है। जून 2025 के लिए CPI-IW इंडेक्स 145 रहा, और बीते 12 महीनों (जुलाई 2024 से जून 2025) का औसत 143.6 दर्ज किया गया। 7वें वेतन आयोग का DA फॉर्मूला इस प्रकार है:
DA (%) = [(CPI-IW × 2.88) – 261.42] ÷ 261.42 × 100
यदि इसे 143.6 के औसत पर लागू करें, तो DA 58.2% निकलता है। सरकारी प्रावधान के अनुसार दशमलव को हटाकर 58% DA तय किया जाता है, जो वर्तमान में 55% है। इसका मतलब है कि 3% की बढ़ोतरी लगभग तय है।
कब आएगा DA बढ़ोतरी का पैसा
हालांकि यह दर 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी, लेकिन इसका भुगतान अक्टूबर 2025 में arrears के साथ होने की संभावना है। खास बात यह है कि पिछली बार जनवरी-जून 2025 में सिर्फ 2% की वृद्धि हुई थी, जिससे कर्मचारियों को थोड़ी निराशा हुई थी। अब 3% की संभावित पुष्टि से फेस्टिव सीजन में बड़ा नकद लाभ मिलने की उम्मीद है।
7वें वेतन आयोग का आखिरी चरण, 8वें पर संशय
यह DA हाइक 7वें वेतन आयोग के तहत अंतिम वृद्धि मानी जा रही है, क्योंकि इसका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। हालांकि, 8वें वेतन आयोग की घोषणा जनवरी 2025 में की गई थी, लेकिन अब तक न तो इसके चेयरमैन नियुक्त हुए हैं, न ही Terms of Reference जारी हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 2027 तक लागू हो सकती हैं।